लखनऊ, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
प्रदेश भर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) द्वारा लंबित मानदेय, PBI एवं अन्य भुगतान न होने के विरोध में घोषित डिजिटल स्ट्राइक शुरू कर दी है। डिजिटल स्ट्राइक का पहले दिन व्यापक असर देखने को मिला। प्रदेश के अधिकांश आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर CHO उपस्थित रहे, लेकिन ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार जारी रखा गया।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बदायूं सहित प्रदेश भर में डिजिटल स्ट्राइक सीएचओ की रही है। डिजिटल स्ट्राइक के चलते टेली कंसल्टेंसी, NCD पोर्टल कार्य, DVDMS, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं। CHO का कहना है कि लगातार 2 माह से मानदेय लंबित होने तथा PBI एवं अन्य भुगतान न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। एसोसिएशन ऑफ कम्न्युनिटी हेल्थ ऑफीसर प्रदेश अध्यक्ष हिमालय कुमार का कहना है कि कई बार शासन एवं विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर प्रदेश के समस्त CHO को डिजिटल कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक लंबित भुगतान कर्मचारियों के खातों में नहीं पहुंचता, तब तक डिजिटल स्ट्राइक जारी रहेगी। साथ ही सरकार एवं विभागीय अधिकारियों से जल्द समाधान निकालने की मांग की गई है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं पुनः सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
