नया बदायूं

उपमुख्यमंत्री से मिला CHO प्रतिनिधिमंडल, कैडर निर्माण समेत विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

लखनऊ, राज्य ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर विभिन्न सेवा संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।


प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के करीब 17,000 CHO की सेवा सुरक्षा और भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाते हुए CHO कैडर का निर्माण, समायोजन एवं सेवा सुरक्षा, लंबित वेतन व प्रोत्साहन का भुगतान, स्थानांतरण व्यवस्था तथा कार्य के अनुरूप सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।


प्रतिनिधियों ने कहा कि CHO ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्थायी एवं स्पष्ट CHO कैडर व्यवस्था आवश्यक है।


प्रतिनिधिमंडल ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का अनुरोध किया। उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष हिमालय कुमार, देव तोमर सहित CHO संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Exit mobile version