बदायूं संवाददाता।
बाल दिवस के अवसर पर विकासखंड कादरचौक के प्राथमिक विद्यालय अन्तुईया में बाल मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं ने खेलकूद, कला प्रतियोगिता और सुलेख प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बाल मेले के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मकता और हुनर दिखाने का अवसर मिला। साथ ही बच्चों ने आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग और व्यावहारिक ज्ञान का महत्व भी सीखा।
विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल रहा। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक जमीर अहमद, काजिम अली, सुनीता देवी, मीना रानी, गीता देवी और कमलेश कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
