बदायूं, संवाददाता।
सीडीओ गामिनी सिंगला की पहल एवं निर्देशों के अनुपालन में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में कादरचौक ब्लॉक के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्थान हासिल किए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर बाल कविता, कहानी सुनाओ, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, डिक्टेशन, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने 18 सितंबर 2026 को ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने 23 सितंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बदायूं में आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर सामान्य ज्ञान, डिक्टेशन और कहानी सुनाओ प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इसके अलावा उच्च प्राथमिक स्तर पर भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से कुल 256 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
सीडीओ गामिनी सिंगला ने प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई कहानियों, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया तथा उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में समय प्रबंधन, अनुशासन, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता विकसित करने में मदद मिलती है।
कादरचौक के बच्चों ने हासिल किए प्रमुख स्थान
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में कादरचौक ब्लॉक के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में पंचू, प्राथमिक विद्यालय सिसोरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं हिंदी भाषण प्रतियोगिता में लुकमान, संविलियन विद्यालय गंगपुर पुख्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में सारेहा खान, संविलियन विद्यालय नूरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ब्लॉक का नाम रोशन किया। इसके अलावा डिक्टेशन प्रतियोगिता में अंकित, प्राथमिक विद्यालय लभारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में कादरचौक ब्लॉक के मनीष, पीएस निजामपुर, अंकित, प्राथमिक विद्यालय लभारी तथा राखी, प्राथमिक विद्यालय गंगी नगला ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बच्चों की इस उपलब्धि पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, मेंटर्स एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। ब्लॉक के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डाइट बदायूं के प्राचार्य राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता डाइट बदायूं उमेद्र दत्त त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रशांत सिंह राठौर, ज्योति प्रकाश तिवारी, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
