नया बदायूं

ई-रिक्शा से बच्चे की मौत, आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में चालक को जमकर पीटा

नया बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज से एक सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति को भीड़ दौड़ा-दौड़ा कर पीट रही है और हंगामा दिख रहा है। जानकारी करने पर पता चला कि युवक की पिटाई इसलिए की जा रही है कि कछला से लौटते समय ई रिक्शा की टक्कर से एक बच्चे की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद बच्चे को आनन फानन में मेडिकल कॉलेज लाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी और मौत हो गई। आक्रोशित तीमारदारों ने रिक्शा चालक की जमकर पिटाई कर दी।

कछला गंगा स्नान कर घर लौट रहे एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उपरेला निवासी डेढ़ वर्षीय मासूम सुशांत की ई-रिक्शा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उपरेला निवासी परिवार कछला गंगा स्नान कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान अचानक डेढ़ वर्षीय मासूम सुशांत ई-रिक्शा की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मासूम को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ई-रिक्शा चालक पक्ष के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version