नया बदायूं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

 

लखनऊ/बदायूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर के आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक शोक की लहर दौड़ गई।

पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने सावित्री देवी के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंचूर स्थित उनके आवास पर निधन हुआ। इस दौरान डॉक्टर को भी बुलाया गया था। वहीं, पौड़ी के जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने भी निधन की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

इससे पहले जून 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती अपनी मां का हाल जानने पहुंचे थे। उस समय उन्होंने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। अब मां के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Exit mobile version