नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं में मुख्य अभियन्ता (वितरण) बरेली क्षेत्र-द्वितीय, बरेली ने गुरुवार को विद्युत वितरण खण्ड प्रथम बदायूं के तहत आने वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नवादा न्यू एवं नवादा ओल्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकेंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निरीक्षण में अधीक्षण अभियंता पवन कुमार, अधिशासी अभियंता प्रथम नीरज सिंह दोनों लोग मौजूद रहें।
गुरुवार को मुख्य अभियन्ता ने उपकेंद्रों पर स्थापित पावर परिवर्तकों के नियमित अनुरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी परिवर्तकों की मानकों के अनुरूप अर्थिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वितरण परिवर्तकों की क्षतिग्रस्तता को नियंत्रित करने के लिए समय-समय पर उनके रखरखाव और तकनीकी परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शटडाउन देने से पूर्व संबंधित पंजिका में पूरा विवरण दर्ज किया जाए तथा सभी विद्युत उपकेंद्रों पर सुरक्षित परिचालन के लिए टीजी-2 कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जनता से बेहतर संवाद और सेवाएं देने के निर्देश
मुख्य अभियन्ता ने उपकेंद्र पर उपस्थित उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, त्रुटिपूर्ण विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा आरडीएफ/सीडीएफ विद्युत बिलों में त्रुटियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
समय से निपटाई जायें शिकायतें
मुख्य अभियंता ने उपभोक्ता शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपभोक्ताओं से राष्ट्रहित में बिजली की बचत करने का आह्वान किया।
