नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ग्राम/बस्ती चलो अभियान के तहत मंडल सालारपुर के कुंवरगांव तथा सिविल लाइन मंडल के मोहल्ला नेकपुर में संवाद कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने ग्राम के गणमान्य नागरिकों/वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। उन्होंने चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान को आश्वस्त किया। साथ ही कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम जाना।
शनिवार को इसी क्रम में जनपद के विभिन्न ग्रामों में ग्राम/बस्ती चलो अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों में सहभागिता की। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल लाभ देना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है, प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंदों को पक्का घर देकर उनके जीवन में स्थायित्व ला रही है, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसानों को सीधी आर्थिक सहायता देकर उनकी खेती को मजबूत कर रही है, जनधन योजना गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, तथा स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर स्वस्थ समाज की नींव रख रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की योजनाएं भी समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित कर रही है, निःशुल्क राशन वितरण योजना गरीब परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा दे रही है, तथा मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत कर रही है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष नौरंग पाल, गोपाल शर्मा, अरविंद कुमार, रचित साहू, नितिन शर्मा, पंकज गुप्ता, मनोज चंदेल, अवनीश कुमार शर्मा, डॉ वीपी सिंह सोलंकी, राम बहादुर पांडेय, सुरजीव गुप्ता, रवि बाबू, श्याम पाल दिवाकर, केएल गुप्ता, महिपाल सिंह, विकास तिवारी, अनिल सिंह, अजय सक्सेना सहित शामिल रहे।
