बदायूं संवाददाता।
हैदलपुर स्थित स्वर्गीय रामस्वरूप मेमोरियल गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्काउटिंग के विभिन्न नियमों, अनुशासन, सेवा भावना और जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्काउट-गाइड टोलियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य ओमकुमार सिंह द्वारा स्काउट ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार देना भी बेहद जरूरी है। बच्चों में अपार ऊर्जा और प्रतिभा होती है। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर देशहित और समाजसेवा के कार्यों में लगाया जाए। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
स्काउटिंग से होता है सर्वांगीण विकास
भीकम सिंह शाक्य ने कहा कि स्काउटिंग से बच्चों की शारीरिक, मानसिक और आत्मिक शक्तियों का विकास होता है। यह विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों का सामना करने, दूसरों की सहायता करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा देती है। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में सेवा, समर्पण, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है।
शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर निर्णायकों ने विजेता टोलियों का चयन किया। स्काउट वर्ग में चंद्रगुप्त मौर्य टोली और सम्राट अशोक टोली संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि भगत सिंह टोली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, गाइड वर्ग में लक्ष्मीबाई टोली ने प्रथम, सावित्रीबाई फुले टोली ने द्वितीय तथा मीराबाई टोली ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टोलियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर के समापन पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ जिला स्काउट प्रशिक्षक ने किया संचालन
शिविर का संचालन वरिष्ठ जिला स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य ने किया। प्रतियोगिताओं में ऋषिपाल सिंह, रामनिवास और पवन कुमार सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर श्रवण, अरुण प्रताप, अमर पाल, तारकेश पाल, राजाराम, अवनीश कुमार सिंह, बृजपाल, राघवेंद्र सिंह, शाकिर अली, ललिता शाक्य, शीतल कुमारी, चांदनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को स्काउटिंग के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और समाज व राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया गया।
