नया बदायूं, संवाददाता।
नगर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने करीब 18 लाख 92 हजार रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बिना किसी भेदभाव के शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
पालिकाध्यक्ष ने सबसे पहले वार्ड संख्या-12 में मुख्तयार के मकान से मूलचंद्र की चक्की तक बनने वाली लगभग 14 लाख 70 हजार रुपये लागत की सीसी सड़क का फीता काटकर उद्घाटन किया। लंबे समय से जर्जर इस मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सड़क संग बनाई नाली
इसके बाद वार्ड संख्या-22 के मोहल्ला काजीटोला में पंजाबी चौक से टिकटगंज चौराहे की ओर गुरुद्वारे के पास लगभग 4 लाख 22 हजार रुपये की लागत से बनने वाली मेन सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने पर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
बेहतर की मूलभूत सुविधाएं
इस अवसर पर फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड की जरूरतों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर रही है। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्वास के साथ किया विकास
उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित सड़कों और नालियों की मांग अब पूरी हो रही है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी गति से विकास कार्य जारी रहेंगे।
यह रहे शामिल
उद्घाटन कार्यक्रम में सभासद किशोर कश्यप, अतुल रस्तोगी, कमलजीत कौर, विमला शर्मा, हेमा अरोरा, चरनजीत कौर, गुरदीप सिंह, मंजीत सिंह, छोटा भाई, रिजवान, परवेज, नसीम खान, अनवार अंसारी, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, गजेन्द्र शाक्य सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
