नया बदायूं

सीडीओ ने कादरचौक ब्लॉक में किया निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद की सीडीओ गामिनी सिंगला ने ब्लॉक कादरचौक के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत वृहद गौ-संरक्षण केंद्र सिमरिया से की गई, जहां 468 गोवंश संरक्षित पाए गए, लेकिन इनमें से केवल 408 गोवंश ही टैगयुक्त मिले। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए शेष गोवंश का टैगिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोशाला में बाउंड्रीवाल, कैमरे एवं सोलर प्लांट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सिमरिया का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। विद्यालय में पंखे खराब थे और ट्यूब लाइट भी नहीं जल रही थी। 101 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष मात्र 37 छात्र उपस्थित मिले। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिलने पर संबंधित सीडीपीओ से स्पष्टीकरण तलब कर आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कंपोजिट विद्यालय कादरचौक में निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी सहायिका सुशीला राठौर एवं कुसुम रानी अनुपस्थित मिलीं, जिनके खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादरचौक में भी साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। सीडीओ ने तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए एएनएम को नियमित रूप से सेंटर पर उपस्थित रहने को कहा। एमओआईसी अपने समस्त स्टाफ के साथ उपस्थित मिले।
मनरेगा के तहत पौधारोपण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया, जहां पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आरसीसी कार्य में 361 वर्गमीटर इंटरलॉकिंग व टाइल्स की सफाई कराने के निर्देश मौके पर मौजूद सहायक अभियंता को दिए गए।
शेखूपुर पंचायत भवन स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके अलावा स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर मुख्य मार्ग से मल्टीपर्पज हॉल एवं वॉलीबॉल हॉल तक पक्का रास्ता बनाने के निर्देश भी दिए गए।
सीडीओ गामिनी सिंगला ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने होंगे।

Exit mobile version