नया बदायूं

जिला महिला अस्पताल का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत मंगलवार को उस समय सामने आ गई, जब मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामिनी सिंगला ने जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त गंदगी, खराब उपकरण और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

मंगलवार को सीडीओ गामिनी सिंगला ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. शोभा अग्रवाल को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में पाई गई सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और शीघ्र ही अनुपालन आख्या प्रस्तुत की जाए। बरना कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले बीते दिनों नसबंदी अभियान में लापरवाही सामने आने पर सीडीओ गामिनी सिंगला ने जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर शोभा अग्रवाल पर नाराजगी जताई थी और वेतन रोकने का आदेश दिया था और साथ में लिखित में जवाब मांगा था। वही कैंप के लिए नसबंदी कराने आई 37 महिलाओं को वापस करना और नसबंदी न करने जैसी लापरवाही के मामले में सीडीओ गामिनी सिंगला ने केवल जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर शोभा अग्रवाल पर ही नाराजगी नहीं जताई थी बल्कि सीएमओ डॉक्टर विकास शर्मा का वेतन रोकने के लिए भी संस्कृति की थी। डीएम अवनीश कुमार राय और सीडीओ गामिनी सिंगल चौपट चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर नाराज है और इसीलिए सीडीओ ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

खराब आरओ और गंदगी पर सख्त रुख

निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए आरओ (RO) सिस्टम को खराब पाया गया। इसके आसपास गंदगी का अंबार और साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति देखने को मिली। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई और सभी शौचालयों को पूर्ण रूप से चालू रखने व नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बंद पंखे और एसी से मरीज बेहाल

अस्पताल के ओपीडी और वार्डों में उमस के बीच मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर पंखे बंद मिले, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को गर्मी झेलनी पड़ रही थी। सीडीओ ने प्रतीक्षालय, लेबर रूम और एसएनसीयू के बाहर द्वितीय व तृतीय मंजिल पर लगे बंद पंखों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि लेबर रूम में लगे दोनों एसी बंद थे। वहीं पीएनसी वार्ड के प्रतीक्षालय में बैठने की व्यवस्था के बावजूद पंखे नहीं लगे थे। इस पर उन्होंने तुरंत पंखे लगवाने के निर्देश दिए।

डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति पर जोर

सीडीओ गामिनी सिंगला ने अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नसबंदी कार्यक्रम की धीमी रफ्तार पर फटकार

निरीक्षण के दौरान महिला नसबंदी कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर भी सीडीओ ने चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यक्रम में तेजी लाने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

Exit mobile version