नया बदायूं

खुले ट्रांसफॉर्मर से गोवंश की मौत, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

नया बदायूं, संवाददाता।
नगर पंचायत कुंवरगांव क्षेत्र में खुले विद्युत ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से एक गोवंश की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने जिला प्रशासन को शिकायती पत्र देकर विद्युत विभाग की लापरवाही पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने शिकायत में बताया गया है कि कस्बे के रामलीला स्थल के पास खुले ट्रांसफॉर्मर में करंट आने से गोवंश की जान चली गई। इसे विभागीय लापरवाही का नतीजा बताते हुए कहा गया है कि जनपद में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जहां खुले ट्रांसफॉर्मर, जर्जर बॉक्स और लटकती बिजली लाइनें हादसों को न्योता दे रही हैं।

शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्युत उपकरण अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के पास लगे होते हैं, जिससे आम लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।

जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में मांग की गई है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही जनपद में सभी खुले और असुरक्षित ट्रांसफॉर्मरों व विद्युत उपकरणों की जांच कर उन्हें सुरक्षित किया जाए।

शिकायत में यह भी मांग की गई है कि ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली या बाउंड्री कराई जाए, जहां कहीं भी करंट फैलने की शिकायत हो वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version