बदायूं, संवाददाता।
गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर कैलिहाई गांव निवासी आराम कश्यप की मौत का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव की शिकायत पर आयोग ने केस दर्ज किया है।
अजीत यादव के मुताबिक, 3 अक्टूबर को भैंस चराते समय पैर फिसलने से आराम कश्यप पुत्र राजपाल कश्यप बरसात के पानी से भरे गड्ढे में गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए मानक से अधिक गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, जो बारिश में जानलेवा साबित हो रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मामले की न्यायिक जांच, दोषियों पर कार्रवाई, मृतक की पत्नी और चार बच्चों के भरण-पोषण के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आराम कश्यप को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
