बदायूं संवाददाता।
जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में चोरों ने किसानों के निजी नलकूपों को निशाना बनाते हुए केबल और स्टार्टर चोरी कर लिए। एक ही रात में कई नलकूपों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से किसानों में दहशत का माहौल है। पीड़ित किसानों ने प्रभारी निरीक्षक अलापुर को लिखित शिकायत देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम ढका निवासी किसानों के नलकूपों पर 5 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10:30 बजे के बीच चोरी की घटनाएं हुईं। रात करीब 10:30 बजे बिजली आने पर किसान योगेश यादव पुत्र अशोक अपने नलकूप पर ट्यूबवेल चलाने पहुंचे तो वहां दीवार टूटी हुई मिली। जांच करने पर स्टार्टर और केबल गायब मिले।
इसके बाद योगेश यादव ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। गांव के अन्य लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने भी अपने-अपने नलकूपों पर जाकर जांच की। इस दौरान कई किसानों के नलकूपों से भी स्टार्टर और केबल गायब मिले।
शिकायत में योगेश यादव, विजेंद्र सिंह, ऋषिपाल, सुरेशपाल, शिवराज और श्रीराम सहित छह किसानों के नाम दर्ज किए गए हैं, जिनके नलकूपों से चोरी होने की बात कही गई है।
पीड़ित किसानों ने प्रभारी निरीक्षक से मामले की जांच कर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने, सामान बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि नलकूपों से केबल और स्टार्टर चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
