नया बदायूं, संवाददाता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं द्वारा मुजाहिदपुर गांव में ग्राम अंगीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज द्वारा ग्रामीण परिवारों को सतत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, रोग निवारण को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने की दिशा में निरंतर चलाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। इस अवसर पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवम कामथान, शरीर रचना विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुख्तियाज़ हुसैन, डॉ. निशांत सिंह एवं डॉ. पारुल सक्सेना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीजी चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अज़ाज, डॉ. रतिका टंडन एवं डॉ. कुलदीप वर्मा के साथ एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की।
चार गांव नामित
बतादें कि राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं द्वारा ग्राम अंगीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक चार गांवों का चयन किया जा चुका है। पहला गांव संज़रपुर बुलजीत (एमबीबीएस बैच 2022), दूसरा गांव सिरसोली (एमबीबीएस बैच 2023), तीसरा गांव शेखूपुर (एमबीबीएस बैच 2024), चौथा गांव मुजाहिदपुर (एमबीबीएस बैच 2025) नाामित किया है।
गांव को नियमित सेवाएं उपलब्ध कराना
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, इससे होने वाले लाभ एवं भविष्य में उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि ग्राम अंगीकरण कार्यक्रम के माध्यम से हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, जांच एवं परामर्श समय पर पहुंच सके। यह पहल ग्रामीण समुदाय के समग्र स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
