नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत आरके रिसोर्ट में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन किया गया। जिसमें पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष/एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, प्रदेश मंत्री डीपी भारती ने संबोधित किया। तथा कार्यक्रम में अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अशोक खुराना ने की।
विश्वास के 12 वर्ष विषय पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष/एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा वर्ष 2014 में देश की जनता ने परिवर्तन, सुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ जो विश्वास व्यक्त किया था, वह पिछले 12 वर्षों में और अधिक सुदृढ़ हुआ है। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र को शासन की मूल कार्यसंस्कृति बनाया है। यही कारण है, कि आज समाज का प्रत्येक वर्ग स्वयं को विकास यात्रा का सहभागी महसूस करता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को नई मजबूती मिली है। शासन व्यवस्था में आम नागरिक का विश्वास बढ़ा है तथा जनता और सरकार के बीच संवाद एवं सहभागिता का नया वातावरण बना है। कहा पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय अस्मिता और सभ्यतागत चेतना को नए आत्मविश्वास के साथ विश्व मंच पर स्थापित किया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ, नई संसद भवन, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण तथा देश के महापुरुषों को सम्मान देने के प्रयासों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को सशक्त किया है। उन्होंने कहा आज विश्व भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक विश्वसनीय साझेदार, जिम्मेदार लोकतंत्र और वैश्विक नेतृत्व क्षमता वाले राष्ट्र के रूप में देख रहा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता से लेकर वैश्विक मंचों पर भारत की प्रभावी उपस्थिति तक, हर क्षेत्र में देश का बढ़ता सम्मान जनविश्वास की इस मजबूत नींव का प्रमाण है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा भाजपा की राजनीति का मूल आधार पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित अंत्योदय का दर्शन है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। पिछले 12 वर्षों में इसी सोच के अनुरूप शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाया गया है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए गरीब, किसान, महिला, युवाओं के उत्थान के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं।
प्रदेश मंत्री डीपी भारती ने कहा मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने विकास की नई परिभाषा गढ़ी है। भाजपा सरकार ने विकास को राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प माना है। विकास भी, विरासत भी तथा रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की सोच ने भारत की प्रगति को नई दिशा दी है। पिछले 12 वर्षों में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों ने भारत की आर्थिक शक्ति को नई मजबूती प्रदान की है। मंच का संचालन जिला महामंत्री शैलेद्र मोहन शर्मा ने किया। इस मौके पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
