नया बदायूं,संवाददाता।
हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवाहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 29 एवं 30 जून को डीएम एवं शासन के निर्देशों के क्रम में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जनपद के प्रमुख चौराहों पर मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की सघन जांच की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में 22 बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच की गई। जांच में पांच बुलेट मोटरसाइकिलों में नियमों के विपरीत मोडिफाइड साइलेंसर पाए गए। ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में इन सभी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन में सीज कर दिया गया। इसके अलावा परिवाहन विभाग की टीम ने जनपद में संचालित वाहन वर्कशॉपों का भी औचक निरीक्षण किया। वर्कशॉप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे दुपहिया वाहनों में तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मोडिफाइड साइलेंसर न लगाएं। विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित वर्कशॉप संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवाहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें, जिससे ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
