नया बदायूं

परिवाहन विभाग का अभियान : 24 वाहनों पर लगे रिफ्लेक्टर, 9 वाहन सीज

नया बदायूं, संवाददाता।

डीएम के निर्देशों के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रैक्टर-ट्रालियों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाने के लिए 15 दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत मंगलवार को परिवहन विभाग की टीम ने कुल 52 वाहनों की जांच की। जांच के दौरान जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगे पाए गए, उन पर मौके पर ही रिफ्लेक्टर लगवाए गए। विभाग द्वारा 14 ट्रैक्टर-ट्रालियों एवं 10 व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए।
कार्रवाई के दौरान तीन अनरजिस्टर्ड ई-रिक्शा तथा छह ओवरलोड वाहनों को सीज कर परिवहन कार्यालय में खड़ा कराया गया। ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में लगभग 2.50 लाख रुपये का शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया। इसके अलावा 70 वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट का अभाव, टूटी हुई नंबर प्लेट, बीमा एवं फिटनेस प्रमाणपत्र न होने जैसी कमियां पाई गईं।
बस यूनियन अध्यक्ष ओंकार सिंह के प्रत्यावेदन पर परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर में अनधिकृत रूप से संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो स्टैंड के खिलाफ भी अभियान चलाया। अवैध रूप से खड़े पाए गए ई-रिक्शा एवं ऑटो को हटाकर पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया तथा संबंधित स्थल पर नो-पार्किंग बोर्ड स्थापित कराया गया। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का फिटनेस, बीमा एवं अन्य दस्तावेज समय से अपडेट रखें तथा सड़क सुरक्षा के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं। विभाग ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम, माल एवं यात्री कर अधिकारी अभिनव चौधरी, सीओ यातायात अनिल अहलावत, यातायात निरीक्षक अजय पाल, परिवहन विभाग के प्रवर्तन कर्मी तथा यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे।

Exit mobile version