नया बदायूं

38 वर्षों से मानवता की मिसाल बनीं स्काउट संस्था की सेवा

नया बदायूं, संवाददाता। 

भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में कुष्ठ रोगियों को दैनिक उपयोग की सामग्री तथा एक दिन का तैयार भोजन वितरित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने कुष्ठ रोगियों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं और उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली।

रविवार को स्काउट संस्था के आडिटर सुभाष मैथिल ने कहा कि कुष्ठ रोगियों की सेवा कर उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान करना एक पुनीत कार्य है। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि स्काउट संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज में मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं। समाजसेवी ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सबसे बड़ा सामाजिक धर्म है। सेवा के माध्यम से ही समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और सद्भाव की भावना विकसित होती है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ रही है। संकल्पवद्ध है, उनके परिवार के बच्चे पढ़ें, आगे बढ़ें, समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनें। भारत स्काउट एवं गाइड संस्था पिछले 38 वर्षों से अधिक समय से कुष्ठ रोगियों की नियमित सेवा कर रही है। संस्था की ओर से प्रत्येक माह नहाने एवं कपड़े धोने का साबुन, चायपत्ती, पट्टियां तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही दाल-चावल, रोटी-सब्जी सहित एक दिन का तैयार भोजन भी वितरित किया गया। इस मौके पर प्रेमपाल सिंह, डीओसी मोहम्मद असरार, ओपी शर्मा, नेत्रपाल आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version