नया बदायूं

योग, यज्ञ और संस्कारों के संदेश से गूंजा बदायूं, उमड़ा जनसैलाब

बदायूं, संवाददाता।

पतंजलि योग समिति बदायूं एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित योग यज्ञ एवं वेद महोत्सव के तृतीय दिवस बड़ी संख्या में योग साधकों, महिलाओं, बच्चों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य, संस्कार और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया।


प्रातःकालीन योग सत्र में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से आए आचार्य डॉ. संजय योगी ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभ बताए। उन्होंने कहा कि नियमित योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने महिलाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और पारंपरिक भारतीय जीवनशैली से जुड़े कार्यों के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
इसके बाद आचार्य संजीव रूप के मार्गदर्शन में यज्ञ कराया गया। इसमें शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में योग साधक शामिल हुए।
आभूषणों में छिपे संस्कारों का महत्व बताया
सायंकालीन सत्र में मथुरा से आईं डॉ. अर्चना प्रिय आर्य ने महिलाओं के आभूषणों से जुड़े भारतीय संस्कारों और उनके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में आभूषण केवल सौंदर्य का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति, पारिवारिक जिम्मेदारियों और भावनात्मक मूल्यों से भी जुड़े हैं। उन्होंने महिलाओं के वात्सल्य, सहनशीलता, प्रेम और सेवा भाव के साथ बेटी, बहन और मां के रूप में उनकी जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की।
आचार्य संजीव रूप ने बच्चों को संस्कारों का महत्व समझाते हुए सुल्ताना डाकू की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन पर परिवार और संस्कारों का गहरा प्रभाव पड़ता है। बच्चों से मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने, बड़ों का सम्मान करने, माता-पिता और गुरुजनों की आज्ञा मानने तथा सदैव सत्य बोलने का आह्वान किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में योग, यज्ञ, वेद, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों में उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में योग गुरु गिरधारी सिंह राठौर, उपदेश कुमार, यशपाल सिंह, अमरपाल सिंह, सतीश चंद्र सिंह, सुरेश पाल सिंह, मदन लाल, वीरेंद्र यादव, पुरुषोत्तम, सुरेंद्र सिंह, नवल किशोर, रविंद्र बाबू शर्मा, त्रिवेंद्र, दिनेश शर्मा, अवधेश कुमार, राम बहादुर, भीमसेन सागर, वीरेंद्र कुमार, मुकेश सारस्वत, प्रदीप राठौर सहित अनेक योग साधक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
महिलाओं में लवली चौहान, अनीता सिंह, शांति राठौर, ज्योति गंगवार, प्रवेश चौहान, मेघा उपाध्याय, रेनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

Exit mobile version