नया बदायूं

भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा बदायूं, भारत माता के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्तिमय

नया बदायूं, संवाददाता।

भाजपा के ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत बुधवार को जनपद के 30 मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रएकता का संदेश दिया।

बिसौली, सहसवान, इस्लामनगर, दहगवां, उघैती, बिल्सी, बदायूं नगर, सिविल लाइन, वजीरगंज, सलारपुर, कादरचौक, उसावां, गौतरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकली यात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि देश की तरक्की में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। तिरंगा यात्रा हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प देती है।

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है।

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और विविधता का प्रतीक है। पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रभक्ति को नई ऊर्जा देने वाला बताया। पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव और वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज ने भी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश बताया। यात्राओं में एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना, डीसीएफ चेयरमैन रविन्द्र पाल सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version