नया बदायूं

जल संरक्षण को लेकर बदायूं पुलिस ने ली शपथ, ‘कैच द रेन’ अभियान को दिया बढ़ावा

नया बदायूं, संवाददाता।

जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ के तहत शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करना रहा। एसएसपी अंकिता शर्मा ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेषनाथ सिंह, क्षेत्राधिकारी बिल्सी आलोक सिद्धू सहित पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और सभी को अपने दैनिक जीवन में पानी के सदुपयोग तथा वर्षा जल संचयन के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जन-जन तक जल संरक्षण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में जल संकट से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

Exit mobile version