बदायूं संवाददाता।
रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में बुधवार को पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। इसमें पारिवारिक कलह और आपसी मतभेद के चलते टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को जोड़ने का प्रयास किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में कुल 82 पारिवारिक मामलों की फाइलें प्रस्तुत की गईं। इनमें 54 मामलों में काउंसलिंग की गई, जबकि 10 मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से समझौता कराया गया। वहीं, 10 फाइलें निरस्त की गईं तथा शेष मामलों में सुनवाई के लिए अगली तारीख निर्धारित की गई।

इस दौरान काउंसलर एसडी शर्मा, अशोक खुराना, गिरधारी सिंह राठौर, शिव स्वरूप गुप्ता और ज्वाला प्रसाद गुप्ता ने पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक माया (प्रभारी), महिला हेड कांस्टेबल कुमुद, कांस्टेबल राखी और डौली मौजूद रहीं। समझौता करने वाले परिवारों को सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस पहल के माध्यम से बदायूं पुलिस ने पारिवारिक विवादों को सुलझाकर परिवारों को एकजुट रखने का संदेश दिया।

Discussion about this post