नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर में आगामी मानसून में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने बड़े स्तर पर नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में शहर के लगभग 70 छोटे-बड़े नालों की युद्धस्तर पर तलीझाड़ सफाई कराई जा रही है। नगर पालिका की टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नालों की सफाई करा रही है, वहीं अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं।
बदायूं शहर नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई जाती तो बरसात के दौरान शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मानसून से पहले ही व्यापक अभियान चलाया गया है, ताकि जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रहे और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। शुक्रवार को कारगिल कुम्हारों वाली पुलिया से छह सड़का होते हुए वीमार्ट तिराहे तक नाले की तलीझाड़ सफाई कराई गई। वहीं सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार की निगरानी में सोत नदी से लालपुल चौराहा, पक्का बाग होते हुए लोटनपुरा तक नालों की सफाई का कार्य कराया गया। नगर पालिका का यह विशेष अभियान शहर में जलभराव की समस्या को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पालिका प्रशासन का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी ताकि बारिश के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।
साफ-सफाई का नेतृत्व करेंगे अधिकारी
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने बताया कि नाला नोडल प्रभारी एवं मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब के नेतृत्व में सफाई कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जोनवार नालों की सफाई पर सफाई एवं खाद निरीक्षक को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहर में 70 नालों की होगी सफाई
पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने बताया कि शहर में करीब 10 बड़े नाले और लगभग 60 छोटे एवं मझोले नाले हैं, जिनकी सफाई नगर पालिका अपने संसाधनों, कर्मचारियों और मशीनों के माध्यम से करा रही है। कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों की मदद से नालों से निकलने वाली भारी मात्रा में सिल्ट हटाई जा रही है, जबकि सफाई कर्मचारी तलीझाड़ सफाई कर जल प्रवाह को सुचारु बनाने में जुटे हुए हैं।
यह हैं प्रमुख नाला
पालिका द्वारा जिन प्रमुख नालों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जा रही है। उनमें जफा की कोठी से टेलीफोन एक्सचेंज, ब्रह्मपुर, इमली चौक, कैलाश टॉकीज, छह सड़का, गोपी चौक, सराय फकीर, लालपुल से सोत नदी तक का नाला शामिल है। इसके अलावा साहू धर्मशाला से मछली बाजार, चुना मंडी होते हुए पुष्पम होटल तक, प्रकाश कोल्ड स्टोर से लावेला, अंबेडकर पार्क से जेल के पीछे होते हुए नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग और परशुराम छात्रावास तक के नालों की सफाई कराई जा रही है। इसी क्रम में सिग्लर स्कूल पुलिया से नेकपुर होते हुए सोत नदी तक, नाला अली शहीद, वाल्मीकि बाल निकेतन से लोटनपुरा तिराहा तक, नाला कच्ची लीक, बदायूं क्लब के सामने पुलिया से रोडवेज चौराहा होते हुए रोशन साहब की मजार तक तथा शेखूपुर रोड पुलिया से लालपुल नाला तक तेजी से कार्य चल रहा है। पालिका प्रशासन का दावा है कि शहर के लगभग सभी प्रमुख जलनिकासी मार्गों को अभियान में शामिल किया गया है।
तीन दिन में हटाई जा रही सिल्ट
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब ने बताया कि नालों से निकलने वाली सिल्ट को तत्काल हटाने के लिए अलग से टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सिल्ट हटाने का कार्य पानी सूखने के बाद तीन दिन के भीतर कराया जा रहा है ताकि सड़कों पर गंदगी न फैले और यातायात प्रभावित न हो।

Discussion about this post