नया बदायूं

बदायूं : एमएफ हाईवे पर कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्राला की टक्कर, चालक की मौत

नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के मुरादाबाद–फर्रूखाबाद हाईवे पर कंटेनर और ट्रैक्टर ट्राला में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर चालक का पता नहीं चल सका। हादसे के बाद हाईवे पर दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दोनों और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को एक साइड में कराया। इसके बाद यातायात को सुचारू हो सका। मगर हाईवे पर दो घंटे तक एक हजार से ज्यादा वाहन फंसे रहे।

आधी रात को हुआ हादसा
बदायूं में एमएफ हाईवे मार्ग पर रात लगभग एक बजे थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव कर्रगांव के पास सड़क हादसा हुआ। ट्रक कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्राला की आमने-सामने टक्कर हो गई। ट्रक कंटेनर वजीरगंज की ओर से बदायूं की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से बदायूं की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राला से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर यात्री शेड में जा घुसा, वहीं ट्रैक्टर-ट्राला के परखच्चे उड़ गए। ट्रैक्टर में बीयर खल भरकर वजीरगंज की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर चालक का कोई पता नहीं चला है।

शव पोस्टमार्टम भेजा
हादसे में ट्रक चालक गोवर्धन पुत्र किशनवीर, निवासी गांव नौली भटानी बिसौली 25 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को आनन-फानन में जिला अस्पताल बदायूं भिजवाया। यहां से शव पोस्टमार्टम को भेजा है।

Exit mobile version