नया बदायूं, संवाददाता।
भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में शहर के मदर एथीना स्कूल में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट–गाइड शिविर के दूसरे दिन अनुशासन, सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही स्कूली प्रांगण स्काउट–गाइड के नारों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और विभिन्न गतिविधियों से गूंज उठा। युवा प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्राथमिक चिकित्सा, गांठें व बंधन, तंबू निर्माण, गैजेट्स निर्माण, आपदा प्रबंधन और माक ड्रिल की ट्रेनिंग ली।
बुधवार को प्रधानाचार्य पवित्रा यादव ने स्काउट ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में देश भक्ति का अनोखा जज्बा पैदा करती है। डायरेक्टर चयनिका सारस्वत ने कहा कि बच्चे कठिन परिस्थितियों में स्वयं को सक्षम बनाएं। उन्होंने कहा कि स्काउट विद्या कम से कम संसाधनों में भी सुव्यवस्थित जीवन जीने की कला सीखती है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बच्चों में जोश भरा। उन्होंने कहा कि आपातकालीन हालत में घबराहट सबसे बड़ा शत्रु है। युवा संकट की घड़ी में धैर्य रखें, जल्दबाजी में निर्णय न लें और उपलब्ध संसाधनों का समझदारी से प्रयोग करें। ट्रेनिंग के दौरान आग में फंसे लोगों को निकालने, डूबते व्यक्तियों को बचाने, टैंट निर्माण, भोजन तैयारी और डाक्टरी गांठ, रीफ नॉट, शीट बेंड, फिशरमैन नॉट, चेयर नॉट आदि गांठों को लगाने की ट्रेनिंग दी गई।
