नया बदायूं, संवाददाता।
प्रदेश सरकार लगातार प्रदेश में भू-माफिया अवैध कब्जे को लेकर लगातार बुलडोजर की कारवाई कर रही है। इसके बावजूद दातागंज क्षेत्र ग्राम अन्दरऊ का एक मामला सामने आया है जिसमें पीड़ित लगभग एक साल से तहसील के चक्कर काटने के बाद तहसीलदार न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा हटाया नहीं गया है।
डीएम से की गई शिकायत के अनुसार आरोप है कि दबंग प्रवृत्ति के लोग आदेश को दरकिनार कर अब भी जमीन पर काबिज हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जाता है कि तहसीलदार न्यायालय ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के अंतर्गत सुनवाई करते हुए संबंधित भूमि को ग्राम समाज की संपत्ति मानते हुए अवैध कब्जा हटाने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए थे। आदेश में स्पष्ट कहा गया था कि निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन स्वयं कार्रवाई कर भूमि को खाली कराएगा। इसके बावजूद मौके की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, दबंगों ने न तो कब्जा हटाया और न ही न्यायालय के आदेश का पालन किया। उल्टा, मौके पर निर्माण और गतिविधियां जारी हैं, जिससे गांव के आम रास्ते और सार्वजनिक उपयोग की जमीन प्रभावित हो रही है। पीड़ित ने इस पूरे मामले को लेकर थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आदेश के बावजूद कब्जा न हटाना कानून की अवहेलना है और इससे गांव में तनाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप कर कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर ऐसे ही आदेशों की अनदेखी होती रही तो कानून का डर खत्म हो जाएगा। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कब तक इस मामले में सख्ती दिखाता है और ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराता है।
