नया बदायूं, संवाददाता। प्रमुख ब्यूरो
उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे का 29 अप्रैल को उद्घाटन हो जायेगा। जिसके बाद गंगा एक्सप्रेस-वे जनता को समर्पित कर दिया जायेगा। मेरठ से प्रयागराज तक उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगी। एक्सप्रसे-वे बनकर व सजकर तैयार है, उद्घाटन के बाद जनता को समर्पित कर दिया जायेगा। इससे यूपी के 12 जिलों की तस्वीर व तकदीर बदलेगी। बदायूं संग यूपी का विकास, कनेक्टविटी और रोजगार का नया युग मिलेगा। इस कार्यक्रम का बदायूं में लाइव कार्यक्रम दिखाया जायेगा।
बदायूं भाजपा कार्यालय पर मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकापर्ण की पूर्व संध्या पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने प्रेसवार्ता की। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के अवसर पर कल 29 अप्रैल को समय सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने वाली ऐतिहासिक पहल है, जो प्रदेश को तेज़, सुरक्षित और आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करते हुए विकास की नई दिशा में अग्रसर करेगी। आगे कहा जनपद बदायूं में भी घटपुरी इंटरचेंज पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा, ताकि जनपदवासी इस ऐतिहासिक क्षण के सहभागी बन सकें। आगे कहा गंगा एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल से जोड़ते हुए व्यापार, निवेश, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य करेगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा, जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय उपस्थित रहे।
बदायूं जनपद के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे का विशेष महत्व और प्रभाव :::
1- गंगा एक्सप्रेस-वे बदायूं को विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है।
2- जनपद बदायूं में एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई लगभग 91.67 किलोमीटर है, जो जिले के व्यापक भू-भाग को कवर करती है।
3- यह एक्सप्रेस-वे बिल्सी, बदायूं, बिसौली एवं दातागंज तहसीलों से होकर गुजरता है, जिससे पूरे जनपद में कनेक्टिविटी का सशक्त नेटवर्क विकसित होगा।
4- परियोजना के अंतर्गत जनपद के लगभग 85 गांव सीधे रूप से जुड़े हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
5- बदायूं में तीन प्रमुख इंटरचेंज- घटपुरी, बनकोटा (बिसौली) एवं डहरपुर (दातागंज) बनाए गए हैं, जो आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देंगे।
6- बिसौली क्षेत्र (बनकोटा इंटरचेंज) इस परियोजना का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा, वे-साइड सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और सेवाओं को विशेष बढ़ावा मिलेगा।
7- एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बदायूं से दिल्ली, मेरठ, प्रयागराज सहित अन्य प्रमुख शहरों तक की दूरी और समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।
प्रधानमंत्री ने 2021 में रखी थी आधारशिला
इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर से रखी गई थी, और लगभग पांच वर्षों के समय में इसका निर्माण पूर्ण किया गया है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता को दर्शाता है। आगे कहा यह एक्सप्रेस-वे केवल आर्थिक ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा। इसके माध्यम से गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम, बेला देवी धाम, चंद्रिका देवी शक्तिपीठ, शाहजहांपुर स्थित भगवान परशुराम जन्मस्थली (जलालाबाद) तथा प्रयागराज का त्रिवेणी संगम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगी। आगे कहा गंगा एक्सप्रेस-वे बदायूं जनपद के लिए केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में उभरने का अवसर है। इससे युवाओं, किसानों और व्यापारियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
डबल इंजन सरकार की दूरदर्शी सोच
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना डबल इंजन सरकार की दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और तेज़ी से निर्णय लेने की क्षमता का परिणाम है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश में अधोसंरचना विकास अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। आगे कहा गंगा एक्सप्रेस-वे के प्रारंभ होने के साथ ही बदायूं जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और आने वाले समय में यह क्षेत्र निवेश एवं रोजगार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
स्कूलों में रहेगा अवकाश
29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेस-वे का हरदोई में लोकापर्ण होगा। वहीं स्थानीय स्तर पर बिनावर में लाइव प्रसारण दिखाया जायेगा। जिसमें करीब पांच हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे। वहीं तमाम वीआईपी जनप्रतिनिधियों का आवागमन रहेगा। इसको लेकर डीएम अवनीश कुमार राय ने 29 अप्रैल को कक्षा एक से लेकर कक्षा आठवीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
