नया बदायूं

विवाहिता की मौत पर मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव महौरी में एक 35 वर्षीय विवाहिता की अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। विवाहिता की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव जरारा निवासी सुषमा ने पुलिस को दी तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पूजा 35 वर्ष की शादी करीब पांच वर्ष पहले महौरी निवासी शेर सिंह के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पूजा को परेशान करने लगे थे और आए दिन उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। मृत्यु होने से पहले फोन किया और मायके पक्ष ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि 18 मई को पूजा ने उन्हें फोन किया था। उसने रोते हुए कहा था कि हमें देख जाओ, नहीं तो सीधे दशवां-तेरहवीं में आओगे। इस सूचना के बाद घबराए परिजन जब अस्पताल पहुंचे, तो पूजा की हालत बेहद गंभीर थी। कुछ ही देर बाद उसने परिजनों के सामने ही दम तोड़ दिया। मायके वालों का सीधा आरोप है कि पूजा के साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी, क्योंकि उसके होंठ नीले पड़े हुए थे, जो किसी अनहोनी का इशारा कर रहे थे। विवाहिता की मौत के बाद से मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मौके पर मुस्तैद है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा और उसी के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।

Exit mobile version