नया बदायूं, संवाददाता।
राष्ट्रीय गीतकार एवं जनपद के गौरव डॉ. उर्मिलेश की 75वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ. उर्मिलेश अमृत महोत्सव के तहत 5 और 6 जुलाई को साहित्यिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन डॉ. उर्मिलेश जनचेतना समिति के तत्वावधान में वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा होंगे।
बदायूं क्लब के सचिव डॉक्टर अक्षत अशेष ने बताया कि पांच जुलाई को जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर इस्लामनगर स्थित डी.आर.पी. रिसोर्ट में शाम 7 बजे विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें जयपुर के बनज कुमार बनज, रायबरेली के पंकज प्रसून, लखनऊ के मुकुल महान, अंबेडकरनगर के अभय निर्भीक सहित बदायूं के वरिष्ठ कवि नरेन्द्र गरल, डॉ. शैलेन्द्र कबीर, डॉ. उपदेश शंखधार, डॉ. सोनरूपा विशाल और डॉ. अक्षत अशेष अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। कार्यक्रम का संयोजन हितेन्द्र शंखधार कर रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य संतोष गुप्ता, संजीव गुप्ता, राकेश गुप्ता, गौरीश गुप्ता, भुवनेश शर्मा, वीरेन्द्र बॉबी, पीयूष पाठक, शिखर गोयल, अनुभव शंखधार, कौशिक शर्मा, डॉ. आलोक पाठक एवं डॉ. विष्णु हरि उपाध्याय सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। अमृत महोत्सव की संयोजक डॉ. सोनरूपा विशाल ने बताया कि छह जुलाई को सुबह 10 बजे बदायूं क्लब में श्रीराम मूर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बरेली के सहयोग से विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। शिविर में नेत्र, कान-नाक-गला, हृदय, त्वचा तथा मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सक आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। इसी अवसर पर डॉ. उर्मिलेश की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर वृहद पौधारोपण भी किया जाएगा। इसके अलावा छह जुलाई को ही समाजसेवी राजन मेंहदीरत्ता के सहयोग से मेडिकल कॉलेज में प्रातः 10 बजे से डॉ. उर्मिलेश की स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। समिति के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने बताया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा समिति के सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. उर्मिलेश का व्यक्तित्व साहित्य, संस्कृति, समाजसेवा और शिक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में प्रेरणास्रोत रहा है। इन्हीं आयामों को ध्यान में रखते हुए पूरे वर्ष विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
