नया बदायूं

सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं

नया बदायूं, संवाददाता

सोमवती अमावस्या पर्व जनपद भर में आस्था के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा अर्चना के साथ दान पूण्य किया। डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रूट डायवर्जन के बीच श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचे। जिससे श्रद्धालुओं को जाम जैसी समस्या से मुक्ति रही।

सोमवार को कछला गंगा घाट पर निरीक्षण के दौरान डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकित शर्मा ने नाव में बैठकर गंगा नदी के घाट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया तथा जल क्षेत्र में सुरक्षा एवं बचाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही पुलिस, गोताखोरों एवं आपदा प्रबंधन टीमों को पूरी सतर्कता के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में तैनात सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम सदर मोहित कुमार, एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि कछला गंगा घाट पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त से गंगा स्नान शुरू किया गया, जो शाम तक चलता रहा। यहां स्थानीय जनपद के अलावा आसपास के जनपदों राज्यों के श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। गंगा घाट से लेकर मुख्य मार्ग तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच व्यवस्थाएं चाक चौबंद रही।

Exit mobile version