नया बदायूं

बदायूं में अधिवक्ता महासम्मेलन : प्रदेशभर से जुटे वकील, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की उठी जोरदार मांग

नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के डाइट ऑडिटोरियम में विशाल अधिवक्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला बार एसोसिएशन बदायूं एवं संयुक्त बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रदेश के लगभग सभी जिलों से बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिवक्तागण बड़ी संख्या में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने अपने-अपने विचार मंच के माध्यम से रखे और प्रदेश में अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग तेज
महासम्मेलन में मुख्य रूप से अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई। प्रदेशभर से आए अधिवक्ताओं ने सरकार से मांग की कि इस कानून को जल्द से जल्द लागू किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही अधिवक्ताओं ने अंडरटेकिंग देने के प्रावधान का विरोध करते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदेश का कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में अंडरटेकिंग नहीं देगा।

सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन की  चेतावनी
अधिवक्ताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अधिवक्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू नहीं किया गया तो प्रदेशभर के अधिवक्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी उठे सवाल
महासम्मेलन में अधिवक्ताओं की स्वास्थ्य सुविधाओं, दुर्घटना बीमा और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने सरकार से मांग की कि इस दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं।

कार्यक्रम का सफल संचालन
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला बार एसोसिएशन बदायूं के अध्यक्ष देवपाल सिंह, महासचिव संदीप मिश्रा एवं पूरी कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन संदीप मिश्रा एवं दिवाकर वर्मा (एडवोकेट) द्वारा किया गया।

प्रदेशभर से पहुंचे बार एसोसिएशन प्रतिनिधि
महासम्मेलन में कानपुर, मथुरा, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, कौशांबी, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, मेरठ, एटा, गौतम बुद्ध नगर, बरेली, हाथरस, गोरखपुर सहित कई जिलों के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व प्रतिनिधिगण शामिल हुए। बदायूं से पूर्व अध्यक्ष योगेश्वर प्रताप सिंह तोमर, अजय पाल गुप्ता, पंकज कुमार सिंह, अमित गौड़ सहित अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।

नई कमेटी की घोषणा
महासम्मेलन के दौरान बदायूं बार की नई कमेटी की घोषणा भी की गई, जिसमें एडवोकेट धर्मेंद्र यादव को अध्यक्ष और सुधीर कुमार कश्यप को महासचिव घोषित किया गया।

Exit mobile version