बदायूं, संवाददाता।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद बदायूं में जिला व विधानसभा स्तर पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष रक्षपाल सिंह निमेष द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह बदलाव पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर किया गया है, जिसमें कई पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक जिला कमेटी में संजय सागर उर्फ सुनील सागर को जिला सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि गुरुदयाल भारती को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि दोनों पदाधिकारी लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहते हुए कार्य कर रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ अब संगठन को और मजबूती देने में मिलेगा।
वहीं विधानसभा स्तर पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं। विधानसभा 114 बिल्सी से अशोक कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह विधानसभा 116 शेखुपुर से आशाराम उर्फ भूरे को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि विधानसभा 115 दातागंज से रूपेश गौतम को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रेस नोट में बताया गया है कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। जिलाध्यक्ष रक्षपाल सिंह निमेष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की नीति पर कार्य करती रही है, और संगठन को मजबूत कर आने वाले समय में जनपद में पार्टी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
