नया बदायूं, संवाददाता।
वजीरगंज विकास क्षेत्र के पांच परिषदीय विद्यालयों का गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई जांच से विद्यालयों में हलचल रही। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय बरौर अमानुल्लापुर, पुन्नापुर, निमठोली, रोटा और उच्च प्राथमिक विद्यालय सोही का निरीक्षण कर शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और शैक्षिक गुणवत्ता की जानकारी ली। पांचों विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत मिली, जबकि विद्यार्थियों की उपस्थिति भी संतोषजनक रही।
उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से गणित और भाषा से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों द्वारा सवालों के संतोषजनक जवाब देने पर बीएसए ने शैक्षिक स्तर पर संतोष जताया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सोही में मध्यान्ह भोजन बनते समय बीएसए ने मिड-डे-मील की गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता परखने के लिए बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। उन्होंने रसोइयों को भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापकों और स्टाफ को विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, बच्चों को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म में बुलाने और शैक्षिक गुणवत्ता में लगातार सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
