नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित मंडी समिति के पास न्यू जीवदान हॉस्पिटल में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक नशेड़ी युवक ने अस्पताल के अंदर ही मरीजों और तीमारदारों के चार मोबाइल फोन चोरी कर लिए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक काफी देर से अस्पताल में संदिग्ध हालत में घूम रहा था। इसी दौरान उसने मौका पाकर अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि उसे यह अंदाजा नहीं था कि उसकी हरकतें अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो रही हैं।
मोबाइल चोरी कर जैसे ही आरोपी भागने लगा, अस्पताल में मौजूद तीमारदारों को शक हो गया और उन्होंने उसका पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को चौकी ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल संचालक ने आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 घंटे तक चौकी में बैठाए रखने के बाद पुलिस ने आरोपी को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया।
अब इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जब चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है और आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया, तो आखिर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया? फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
