बदायूं, संवाददाता। Nayabadaun
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, डीएम अवनीश राय, सीडीओ गामिनी सिंगला और मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य शिव कुमार ने फीता काटकर किया।
इस दौरान अतिथियों ने रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका सम्मान किया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। युवाओं को सेवा कार्यों में आगे आकर समाजहित में योगदान करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्य आयोजित कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है। पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा को समर्पित है और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे।
