नया बदायूं

सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान, स्वास्थ्य मेले और पौधारोपण

नया बदायूं संवाददाता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को जिले में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य मेले, स्वच्छता अभियान, श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्बियापुर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने किया। अम्बियापुर, उझानी, समरेर और उसावां में स्वास्थ्य मेला एवं स्वच्छता अभियान आयोजित हुए। दहगवां में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव और इस्लामनगर में वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज ने स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया।

बदायूं विधानसभा क्षेत्र में बीआईएमटी कॉलेज में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक ने पौधारोपण किया। दातागंज में गंगा एक्सप्रेसवे के 205 किलोमीटर, पट्टी की दाईं ओर और अटेना घाट पर स्वच्छता अभियान के साथ पौधारोपण किया गया। सहसवान और बिसौली विधानसभा क्षेत्रों में भी पौधारोपण कार्यक्रम हुए।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल का संकल्प भी जरूरी है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कार्यक्रमों में ब्लॉक प्रमुख ओमकृष्ण सागर, अतेंद्र विक्रम सिंह, जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, पीयूष माहेश्वरी, वीर सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version