नया बदायूं

भाकियू (चढूनी) का धरना 26वें दिन भी जारी, प्रशासनिक उदासीनता पर भड़के किसान

 

बदायूं संवाददाता।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला अध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 26वें दिन भी जारी रहा। समस्याओं का समाधान न होने और प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई में देरी से धरनारत किसानों में आक्रोश है।

यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि बीएसएनएल कार्यालय के पीछे सरकारी नाले की जमीन पर डॉ. शारिक जनाब द्वारा कथित अवैध निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन अब तक इसे रुकवाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। सदर तहसील अध्यक्ष दिलशाद हुसैन ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा उझानी थाना क्षेत्र के जुनइया गांव निवासी बुजुर्ग किसान भगवान दास और प्रेमवती की खेती की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला भी धरने में उठाया गया। किसानों का कहना है कि जमीन से संबंधित इकरारनामा होने के बावजूद उन्हें कब्जा नहीं मिल पा रहा है। पीड़ित पिछले 26 दिनों से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है।

भाकियू (चढूनी) के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि नाले की जमीन पर हो रहे निर्माण को रुकवाया जाए और पीड़ित किसानों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया जाए। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र करने की चेतावनी दी गई। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

धरने में दिलशाद हुसैन, शरीफ अब्बासी, बीयुसु दास, भगवान दास, प्रेमवती, नूरुद्दीन, कामिनी, देशराज साहू, रजनेश उपाध्याय, रामनाथ वर्मा, रामपाल भगत और शिवदयाल सागर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version