बदायूं संवाददाता।
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला अध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में मालवीय आवास गृह पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 22वें दिन भी जारी रहा। 9 अक्टूबर से चल रहे धरने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
धरने को संबोधित करते हुए सदर तहसील अध्यक्ष दिलशाद हुसैन ने आरोप लगाया कि शहर में डॉ. शरीक जनाब द्वारा आम रास्ते और सरकारी नाले को बंद कर दीवार का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नाले की पैमाइश कराए और सरकारी अभिलेखों की जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।
वहीं, ग्राम पंचायत बुटला दौलत के मजरा जनुइया में जमीन के बैनामे में कथित फर्जीवाड़े का मामला भी उठाया गया। धरनारत किसानों ने प्रेमवती और भगवान दास को न्याय दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिला प्रवक्ता राशिद अब्बासी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान कर लिखित आदेश जारी नहीं किए गए तो भारतीय किसान यूनियन जिला मुख्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान भगवान दास, बीयीशुदास, यादवेंद्र यादव, शरीफ अब्बासी, महेंद्र पाल, ओमकार शाक्य, छत्रपाल, रामवीर, दिलशाद हुसैन, प्रेमवती, दीनदयाल पटेल और कल्लू जाटव सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
