नया बदायूं

अवैध कब्जों के खिलाफ भाकियू चढ़ूनी का धरना दसवें दिन भी जारी

 

बदायूं संवाददाता।

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले जिला मुख्यालय स्थित मालवीय आवास गृह पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को दसवें दिन भी जारी रहा। जिला अध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में किसानों ने सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निजी खेती की भूमि से जुड़े विवादों में कार्रवाई की मांग उठाई। धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।

जिला महासचिव ने आरोप लगाया कि डॉ. शरीक जनाब द्वारा बीएसएनएल कार्यालय के पीछे नाले की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित जमीन की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।

वहीं, उझानी थाना क्षेत्र के जूनइया गांव निवासी भगवान दास और प्रेमवती पिछले दस दिनों से अपनी भूमि से संबंधित विवाद को लेकर धरने पर बैठे हैं। धरनारत लोगों के अनुसार, उनकी खेती की जमीन के संबंध में इकरारनामा होने के बावजूद गांव के ही एक व्यक्ति ने भूमि पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर जमीन से संबंधित विवाद का समाधान कराने और न्याय दिलाने की मांग की।

धरना दे रहे किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी मांगों को उठाते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे की जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

इस मौके पर दिलशाद अब्बासी, शरीफ अब्बासी, रामसिंह, भगवान दास, प्रेमवती, कृष्ण अवतार, वीयुसू दास, आजम, नूरुद्दीन और अजीम मिस्त्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version