नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा कार्यालय पर सोमवार को सेवा संकल्प अभियान-2026 की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा तथा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना दिखाई देती है। अभियान के माध्यम से उनके सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक कार्यक्रम को जनसंवाद और जनभागीदारी का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों को प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र, गांव और परिवार तक पहुंचाना है।
एक माह तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों से संपर्क कर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। 17 से 27 सितंबर तक ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों का सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता जैसी गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा 17 अक्टूबर को ‘सेवा रंग’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ अभियान का समापन होगा। ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा।
मंच का संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा ने किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
