नया बदायूं

ब्लेड वाले तार में उलझे बाइक सवार की गर्दन कटने से मौत, एक घायल

नया बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं दिल को झकझोर देने वाली घटना है। किसान की लापरवाही और आंधी की वजह से युवक की मौत हो गई। खेत की रखवाली के लिए लगाए गए ब्लेड वाले तार आंधी के दौरान उड़कर सड़क पर आ गए, जिनमें फंसने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर खेत के बटाईदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अलापुर थाना क्षेत्र के गांव चितौरा निवासी पूर्व प्रधान फैन सिंह के 30 वर्षीय भाई कालीचरन गुरुवार देर शाम अपने गांव के साथी हरपाल के साथ बाइक से अलापुर गए थे। लौटते समय जब वे अठर्रा कुनिया गांव के पास पहुंचे, तभी तेज आंधी शुरू हो गई। इसी दौरान एक खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाया गया तेज धार वाला ब्लेडयुक्त तार उड़कर सड़क पर आ गया। बताया जाता है कि अचानक सड़क पर आए तार में उनकी बाइक उलझ गई। ब्लेड वाला तार सीधे कालीचरन की गर्दन पर लगा, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। बाइक पर पीछे बैठे हरपाल भी तार की चपेट में आ गए और कई जगह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने कालीचरन का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं हरपाल का उपचार जारी है। मृतक के परिजनों ने खेत के बटाईदार वीरपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वीरपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने खेतों में लगाए जाने वाले ब्लेडयुक्त तारों पर प्रतिबंध लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version