नया बदायूं, संवाददाता।
देश के प्रमुख टेक हब बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ‘सुरक्षा 2.0’ कार्यक्रम के दौरान युवा सॉफ्टवेयर डेवलपर मोहम्मद अदीब खान ने अपने अभिनव सॉफ्टवेयर RAFT (Root Authenticated Forgery Tracking) की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस उपलब्धि से उन्होंने एक बार फिर बदायूं जिले का नाम रोशन किया है।
RAFT एक अत्याधुनिक दस्तावेज़ सत्यापन प्रणाली है, जिसे विशेष रूप से फर्जी दस्तावेज़ों की पहचान और उनकी प्रामाणिकता की जांच के लिए विकसित किया गया है। इस तकनीक के माध्यम से दस्तावेज़ों में की गई छेड़छाड़, एडिटिंग या जालसाजी का सटीक और तेज़ी से पता लगाया जा सकता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बन सकती है।
अफसरों ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और तकनीकी क्षेत्र के पेशेवरों ने इस नवाचार की सराहना की। प्रस्तुति के बाद कई अधिकारियों ने इस तकनीक में गहरी रुचि दिखाई और भविष्य में इसके व्यावहारिक उपयोग को लेकर मोहम्मद अदीब खान व उनकी टीम के साथ सहयोग की इच्छा भी जताई।
सहयोगी बनेगा सॉफ्टवेयर
मोहम्मद अदीब खान ने अपने संबोधन में कहा कि उनका उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है जो दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि RAFT आने वाले समय में सरकारी और निजी संस्थानों के लिए एक उपयोगी समाधान साबित होगा।
कौन हैं अदीब खान
गौरतलब है कि मोहम्मद अदीब खान, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा के पीआरओ सरताज अली खान के पुत्र हैं। इससे पहले भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पिछले वर्ष बेंगलुरु में आयोजित साइबर हैकाथॉन में प्रथम स्थान हासिल किया था। यह उपलब्धि न केवल अदीब खान के लिए, बल्कि पूरे बदायूं जिले के लिए गर्व का विषय है।
