नया बदायूं

बैंक सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार करने की मांग, डीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

नया बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहीं बैंक सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। बैंक सखियों ने वर्तमान 4 हजार मासिक मानदेय को बढ़ाकर 20 हजार प्रतिमाह किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में बैंक सखियों ने कहा कि वे करीब पांच वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। ग्रामीण महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, खाते खुलवाने, आधार/ई-केवाईसी, जमा-निकासी तथा वित्तीय साक्षरता सहित विभिन्न कार्य किए जाते हैं। इसके लिए उन्हें गांव-गांव जाना पड़ता है और आने-जाने, मोबाइल व इंटरनेट का खर्च भी स्वयं वहन करना पड़ता है।

20 हजार किया जाए मानदेय

बैंक सखियों ने मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाकर 20 हजार प्रतिमाह किया जाए, सेवाओं को स्थायी/नियमित करने की कार्रवाई की जाए, भविष्य में कार्य एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय में समय-समय पर वृद्धि सुनिश्चित हो, मानदेय में कटौती न की जाए तथा बैंकिंग कार्य का उचित कमीशन दिलाया जाए।

यह रहीं शामिल

ज्ञापन पर प्रीति सोलंकी, पुष्पा देवी, छाया कुमारी, सरजीति, लक्ष्मी, मोहिनी देवी, कमलेश, अनिता, मीतू, गीता, पार्वती, संगीता, राजवती, नेनवती, मंजूरी और शिवानी समेत अन्य बैंक सखियों के नाम एवं हस्ताक्षर दर्ज हैं।

डीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

बैंक सखियों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि से उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराने की अपील की। उनका कहना है कि मानदेय में वृद्धि से बैंक सखियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को और बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगी।

Exit mobile version