नया बदायूं

गौशालाओं की अव्यवस्थाओं के खिलाफ बजरंग दल का धरना

नया बदायूं, संवाददाता।

राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में सोमवार को गौशालाओं में गौवंशों के संरक्षण में कथित लापरवाही के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रान्त महामंत्री पंकज गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी के नाम पशु पालन विभाग से संबंधित शिकायती पत्र सौंपा।
संगठन ने गौशालाओं में गौवंशों की बेहतर देखभाल के लिए कई मांगें उठाईं। इनमें सड़क पर घूमने वाले गौवंशों को संरक्षित कराने, सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, शत-प्रतिशत टैगिंग कराने, पर्याप्त मात्रा में हरा चारा व चोकर उपलब्ध कराने तथा बीमार गौवंशों के नियमित उपचार की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा गौशालाओं के रिकॉर्ड, भोजन व्यवस्था और गौवंशों की वास्तविक संख्या का सत्यापन कराने की मांग की गई।
पदाधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों के तत्काल उपचार और उन्हें निकटतम गौशाला में संरक्षित कराने की व्यवस्था करने की भी मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में सरकारी रिकॉर्ड और गौशालाओं में मौजूद गौवंशों की संख्या में अंतर की शिकायतें सामने आती हैं, इसलिए टैग नंबर के आधार पर सभी गौशालाओं का सत्यापन कराया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने कहा कि गौवंश संरक्षण से जुड़े मामलों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान करण दक्ष, श्याम शर्मा, विकास सनातनी, दारा सिंह, अंकेश सनातनी, सत्यम गुप्ता, महानंद मौर्या, अजय गुप्ता, शेखर सक्सेना, रुद्र सनातनी, अनिल कश्यप, गौरव मौर्या, गौरव माहेश्वरी, आनंद कोली, संजू यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version