बदायूं संवाददाता।
दीपावली पर्व को लेकर बदायूं के बाजारों में रौनक छाई रही। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाकर तैयारियां पूरी कर ली थीं। इसके बाद बाजारों में ग्राहकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शहर से लेकर गांव-देहात तक धनतेरस का उत्साह और उल्लास देखने को मिला। बाजारों में दिनभर खरीदारी होती रही और देर रात तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही।
बदायूं शहर के टिकटगंज, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, चुना मंडी, खैराती चौक, नेहरू चौक, हलवाई चौक, मड़ई चौक, छह सड़का, जोगीपुरा और गोपी चौक समेत प्रमुख बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सराफा बाजार में लोगों ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदे तो बर्तन बाजार में भी ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी आकर्षक ढंग से सजे रहे। लोगों ने टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत विभिन्न घरेलू उपकरणों की खरीदारी की। वहीं घरों में पूजन की तैयारियों को लेकर लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, झाड़ू और अन्य घरेलू सामान खरीदा।
खील, परमल, बताशे, खिलौने, मिट्टी के दीपक और रंग-बिरंगी झालरों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लोग देर शाम तक बाजारों में खरीदारी करते नजर आए। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और जमकर हुई खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे भी खिले रहे। बदायूं में धनतेरस का पर्व व्यापारियों के लिए भी अच्छी रौनक लेकर आया।
