नया बदायूं

नदियों, कुओं और नलों में सहज उपलब्ध जल, अब बोतलों में बिक रहा : संजीव

नया बदायूं, संवाददाता।
चिलमिलाती धूप और पानी की प्यास राहगीरों के साथ पशु पक्षियों को भी बेचैन कर रही है। ऐसी स्थिति में भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर लगाए गए निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के 14वें दिन स्काउट गाइड ने राहगीरों और यात्रियों को शीतल जल पिलाकर मानवता और सेवा का संदेश दिया। तपती धूप में बच्चों का सेवा भाव लोगों के लिए राहत और प्रेरणादायी बना रहा। वहीं बच्चों ने लोगों को चहचाहते पक्षियों और पशुओं के लिए के लिए दाना पानी रखने के लिए भी प्रेरित किया।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे स्काउट संस्था के आडीटर एसडी शर्मा और गांधी नेत्र चिकित्सालय की सदस्य पुष्पा टंडन ने कहा कि यदि जल की बर्बादी इसी प्रकार जारी रही तो भविष्य में पीने योग्य जल के लिए संघर्ष और युद्ध जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। आने वाली पीढ़ियों सचेत हो। जल की प्रत्येक बूंद बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है। उन्होंने कहा कि जल के अभाव में कई स्थानों पर पशु-पक्षी प्यास से दम तोड़ देते हैं, जो मानव समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि ने कहा कि जल प्रकृति का सबसे दुर्लभ और अमूल्य उपहार है। एक समय था जब नदियों, तालाबों, कुओं और नलों में जल सहज रूप से उपलब्ध होता था, लेकिन आज स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। धरती का सीना चीरकर भूजल तो निकाला जा रहा है, मगर जल संरक्षण के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पानी बोतलों में बिक रहा है, जो आने वाले संकट की चेतावनी है। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि प्रकृति का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। नदियां सूख रही हैं, तालाब समाप्त होते जा रहे हैं और प्राकृतिक जल स्रोत तेजी से कम हो रहे हैं। पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता हों। राजाराम महिला इंटर कालेज की गाइड कैप्टन पुष्पा दिवाकर ने कहा कि प्रकृति से प्राप्त संसाधनों का संयमित उपयोग करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। युवा पीढ़ी को जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर समाज में सकारात्मक संदेश देना चाहिए। इस मौके पर रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, सचिन पाल, उर्मी मौर्य, पूजा मौर्य, यष्टि, आकांक्षा, सिद्धि गुप्ता, अंशिका मौजूद रहीं।

Exit mobile version