नया बदायूं

एसआईटी से हो जांच, सरकार-पुलिस और प्रशासन पीड़ितों की दवा रहा आवाज : आदित्य यादव

संवाददाता। नया बदायूं
बदायूं लोकसभा से सपा के सासंद आदित्य यादव ने थाना उझानी क्षेत्र के ग्राम कुढानरसिंहपुर स्थित मैंथा फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में मृतक तीनों श्रमिकों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।

तीनों मृतक श्रमिकों के परिजनों को बंधाया ढांढस
गुरुवार को सपा सांसद आदित्य यादव सबसे पहले विधानसभा क्षेत्र बिल्सी के ग्राम वसावनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में मृतक श्रमिक जुगेंद्र यादव के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। इसके पश्चात वे विधानसभा क्षेत्र शेखूपुर के ग्राम पसेई पहुंचे, जहां मृतक विवेक यादव के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद सपा सांसद विधानसभा क्षेत्र दातागंज के ग्राम मुडसेना पहुंचे और वहां मृतक वीरभान सिंह यादव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

पीड़ितों की आवाज दबाने की कोशिश
परिजनों से बातचीत के दौरान सपा सांसद आदित्य यादव ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन, पुलिस और सरकार की मिलीभगत से पीड़ित परिवारों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी पीड़ित परिवारों को न तो न्याय मिला है और न ही कोई ठोस सहायता, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

एसआईटी से कराई जाये जांच
सांसद आदित्य यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी सरकार से मांग है कि मैंथा फैक्ट्री हादसे में मृतक श्रमिकों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन समय में अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच एसआईटी (SIT) से कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

सड़क से संसद तक होगा संघर्ष
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि यह हादसा फैक्ट्री प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम है, जिसमें निर्दोष श्रमिकों की जान गई है। उन्होंने कहा किसपा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय और आर्थिक सहायता नहीं मिलती, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों की मांगों की अनदेखी की गई तो सपा सड़क से सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।

यह रहे मौजूद
सांसद आदित्य यादव के साथ सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह, पूर्व विधायक आरके शर्मा, सुनील यादव, उदयवीर शाक्य, रजनीश गुप्ता, रचित गुप्ता, सुरेंद्र यादव, अशोक यादव, किशोरीलाल शाक्य, खजाना देवी, सुरेंद्र सागर, सुशांत सिंह राठौर, सुनीता पाल, पानसिंह प्रमुख, मोतशाम सिद्दीकी, प्रदीप गुप्ता, ताहिर अंसारी, संजीव यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version