नया बदायूं

पर्यटन पर बदायूं में बरसा धन, धार्मिक स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

नया बदायूं, संवाददाता।
सरकार ने पर्यटन पर बजट को बरसा दिया है। बरेली मंडल के तहत जनपद बदायूं के लिए पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत पर्यटन विकास की छह परियोजनाओं के लिए स्वीकृत धनराशि 2236.19 लाख रुपये के सापेक्ष 334 लाख रुपये जारी किया गया है। इन परियोजनाओं को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बदायूं में पर्यटन विकास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहसवान में पौराणिक तीर्थ स्थल सहस्रबाहू के पर्यटन विकास के लिए 45 लाख रूपये, बदायूं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित तपोसिद्ध बाबा की गढ़ी स्थित प्राचीन मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 45 लाख रुपये, दातागंज विधानसभा क्षेत्र में स्थित बाबा देवासदास मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 53 लाख रुपये, इसी प्रकार शेखूपुर ग्राम पंचायत लभारी ब्लाक कदरचौक में स्थित श्रीराम चंद्र विराजमान मंदिर के लिए 86 लाख रुपये, बिसौली विधानसभा के तहत प्राचीन मंदिर बहादुर सिंह हनुमान बाबा आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 80 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि नगर पंचायत कछला में स्थित गंगानदी के दोनों तटों पर दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए घाटों पर पार्किंग, साइनेज आदि के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इस परियोजना के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में स्थित प्राचीन धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आस्था के साथ विकास को धरातल पर उतारने के लिए पूर्व से ही विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जा रही है। इसी क्रम में धार्मिक एवं प्राचीन स्थलों के पर्यटन विकास के लिए वर्ष 2025-26 में नवीन परियोजनाएं स्वीकृत किये हैं। साथ ही आवश्यकतानुसार धनराशि भी जारी कर दी है।

Exit mobile version